बगहा के बसवरिया महादलित बस्ती में भीषण आग, 14 घर जलकर राख, लाखों की संपत्ति नुकसान

बगहा एक प्रखंड अंतर्गत बसवरिया पंचायत के बहुअरवा वार्ड संख्या-1 स्थित महादलित बस्ती में आज सुबह भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार, खाना बनाने के दौरान अचानक लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया, जिससे करीब 14 घर पूरी तरह जलकर राख हो गए।

आग की तेज लपटें देख स्थानीय लोगों ने तुरंत चौतरवा थाना को सूचना दी। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष शुभम कुमार ने तत्परता दिखाते हुए अग्निशमन दल को मौके पर भेजा और स्वयं भी घटनास्थल पर पहुंचकर स्थानीय लोगों के सहयोग से आग पर काबू पाया।

इस घटना की पुष्टि करते हुए पंचायत के मुखिया रौशन कुमार तिवारी ने बताया कि इस हादसे में नंदू मुसहर, प्रभावती देवी, अनिरुद्ध मुसहर, नारायण मुसहर सहित कुल 14 परिवारों के घर जलकर पूरी तरह नष्ट हो गए हैं।

आगलगी में लाखों रुपये की संपत्ति के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। प्रशासन की ओर से प्रभावित परिवारों के लिए राहत और सहायता कार्य शुरू कर दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *