गोपालगंज में ज्वेलरी लूट के दौरान फायरिंग, ग्रामीण और अपराधी की मौत

गोपालगंज जिले के लाला छापर बाजार में एक स्वर्ण दुकान में लूट के दौरान अपराधियों ने फायरिंग कर दी, जिसमें दो ग्रामीण घायल हो गए। इस घटना में एक ग्रामीण बबलू मिश्रा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य ग्रामीण का इलाज जारी है।

घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने दो अपराधियों को पकड़ लिया। इस दौरान एक अपराधी विशाल यादव को भीड़ ने पीट-पीटकर मार डाला, जबकि दूसरा आरोपी गोलू मिश्रा गंभीर रूप से घायल है और उसका इलाज चल रहा है।

मृत अपराधी विशाल यादव सीवान जिले का रहने वाला बताया जा रहा है, जबकि घायल अपराधी गोलू मिश्रा कटेया थाना क्षेत्र के सुल्तानपुर का निवासी है। बताया जाता है कि गोलू मिश्रा तीन साल पूर्व भी इसी ज्वेलरी दुकान में लूट की वारदात को अंजाम दे चुका है।

घटना की जानकारी मिलने पर सूबे के पूर्व शिक्षा मंत्री और भोरे से जदयू विधायक सुनील कुमार लाला छापर बाजार पहुंचे। उन्होंने पीड़ित दुकानदार और मृतक बबलू मिश्रा के परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की। साथ ही उन्होंने पुलिस अधीक्षक से फोन पर बात कर क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की।

सुनील कुमार ने कहा कि यह घटना अत्यंत निंदनीय है। उन्होंने बताया कि यह क्षेत्र उत्तर प्रदेश सीमा से सटा हुआ है, इसलिए यहां एक चेकपोस्ट की स्थापना आवश्यक है। उन्होंने यह भी मांग की कि घटना में शामिल फरार अपराधी को जल्द गिरफ्तार कर सख्त सजा दिलाई जाए और इलाके में पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाई जाए ताकि आम जनता का पुलिस पर भरोसा मजबूत हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *