भारतीय सेना प्रमुख को वैश्विक सम्मान: जनरल उपेंद्र द्विवेदी अंतरराष्ट्रीय हॉल ऑफ फेम में शामिल
नई दिल्ली, 24 अप्रैल: भारतीय सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी को अमेरिका के प्रतिष्ठित यूएस आर्मी वॉर कॉलेज के इंटरनेशनल हॉल ऑफ फेम में शामिल किया गया है। यह सम्मान सैन्य नेतृत्व, पेशेवर उत्कृष्टता और वैश्विक सुरक्षा में योगदान के लिए दिया जाता है।
इस उपलब्धि के साथ जनरल द्विवेदी ऐसे तीसरे भारतीय सैन्य अधिकारी बन गए हैं जिन्हें यह गौरव प्राप्त हुआ है। इससे पहले जनरल वीके सिंह और जनरल बिक्रम सिंह को भी इस प्रतिष्ठित सूची में शामिल किया जा चुका है।
इस अवसर पर जनरल द्विवेदी ने कॉलेज के संकाय सदस्यों और विभिन्न देशों से आए सैन्य अधिकारियों को संबोधित किया। अपने संबोधन में उन्होंने नेतृत्व, पेशेवर सैन्य शिक्षा और बदलते वैश्विक सुरक्षा परिदृश्य पर अपने विचार साझा किए। उनका अनुभव और दृष्टिकोण अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सराहा गया।
गौरतलब है कि जनरल उपेंद्र द्विवेदी स्वयं भी इसी प्रतिष्ठित संस्थान के पूर्व छात्र रह चुके हैं। ऐसे में यह सम्मान उनके सैन्य करियर की महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है और भारतीय सेना के लिए भी गर्व का विषय है।


