मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का अम्बेडकरनगर दौरा आज: 706 करोड़ की 194 विकास परियोजनाओं की देंगे सौगात

अम्बेडकरनगर: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को जनपद अम्बेडकरनगर के दौरे पर रहेंगे, जहां वे जिले को विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए 706.81 करोड़ रुपये की कुल 194 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे। मुख्यमंत्री का यह कार्यक्रम तहसील आलापुर के विकासखंड रामनगर में स्थित पूर्वांचल के सुप्रसिद्ध धार्मिक एवं आध्यात्मिक पर्यटन स्थल ‘गोविंद साहब’ में आयोजित किया गया है।

इन विकास परियोजनाओं के माध्यम से विधानसभा क्षेत्र टांडा, आलापुर और जलालपुर में बुनियादी ढांचे को नई मजबूती मिलेगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इस दौरान 145.98 करोड़ रुपये की 36 परियोजनाओं का शिलान्यास और 560.83 करोड़ रुपये की 158 परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे

क्षेत्रवार विकास कार्यों का विवरण इस प्रकार है:

  • टांडा विधानसभा क्षेत्र: 69 परियोजनाओं पर 217.69 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
  • आलापुर विधानसभा क्षेत्र: 75 परियोजनाओं पर 312.18 करोड़ रुपये की लागत आएगी।
  • जलालपुर विधानसभा क्षेत्र: 50 परियोजनाओं पर 176.93 करोड़ रुपये व्यय होंगे।

इन योजनाओं में सड़क निर्माण, पेयजल, बिजली आपूर्ति, पर्यटन स्थल विकास, लोक निर्माण और कौशल विकास जैसे कई महत्वपूर्ण विभाग शामिल हैं। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री एक विशाल जनसभा को भी संबोधित करेंगे और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के पात्र लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र एवं प्रमाण पत्र वितरित करेंगे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *