गया: एसएसबी और पुलिस की बड़ी कार्रवाई, करीब एक किलो अफीम लेटेक्स के साथ तस्कर गिरफ्तार
गया (बिहार): बिहार के गया जिले के बाराचट्टी में सशस्त्र सीमा बल (SSB) और स्थानीय पुलिस ने एक संयुक्त अभियान चलाकर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कामयाबी हासिल की है। इस विशेष कार्रवाई के दौरान सुरक्षा बलों ने 950 ग्राम प्रतिबंधित अफीम तरल (लिक्विड) लेटेक्स बरामद किया है। इस मामले में पश्चिम बंगाल के एक तस्कर को भी रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है।
एसएसबी की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, यह कार्रवाई 6 जुलाई 2026 को दोपहर बाद की गई। एसएसबी की 29वीं वाहिनी के कमांडेंट कुणाल के दिशा-निर्देश पर निरीक्षक प्रवीण कुमार के नेतृत्व में एसएसबी और बाराचट्टी थाना पुलिस की एक संयुक्त टीम का गठन किया गया था। गुप्त और सटीक सूचना के आधार पर इस टीम ने बाराचट्टी थाना क्षेत्र के ब्लॉक मोड़ के पास एक विशेष तलाशी अभियान शुरू किया।
चेकिंग के दौरान टीम ने एक संदिग्ध व्यक्ति को रोका, जिसकी पहचान 53 वर्षीय शेख मुबारक अली के रूप में हुई है। वह पश्चिम बंगाल के हुगली जिले के हरिपाल थाने के चकचांदीनगर गांव का रहने वाला है। जब उसकी तलाशी ली गई, तो उसके पास से 950 ग्राम अवैध अफीम लिक्विड लेटेक्स बरामद हुआ।
सुरक्षा बलों ने पकड़े गए तस्कर और जब्त की गई अफीम को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए बाराचट्टी थाना पुलिस को सौंप दिया है। पुलिस अब इस बात की गहराई से तफ्तीश कर रही है कि नशीले पदार्थों की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे आगे कहां सप्लाई किया जाना था।



