आंध्र प्रदेश में भीषण सड़क हादसा, चार लोगों की मौत, सात घायल

आंध्र प्रदेश के मार्कापुरम जिले में एक भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि सात अन्य घायल हो गए। यह दुर्घटना अमरावती–अनंतपुर राजमार्ग पर कंभम के पास उस समय हुई, जब विवाह समारोह में जा रहे लोगों से भरे एक ऑटो रिक्शा को पीछे से तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी।

जानकारी के अनुसार, गिद्दलूर से 14 लोग ऑटो रिक्शा में सवार होकर कंभम में आयोजित एक विवाह समारोह में शामिल होने जा रहे थे। आधी रात के समय सभी लोग राजमार्ग किनारे स्थित विनायक स्वामी मंदिर में दर्शन और पूजा के लिए रुके थे। इसी दौरान पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने ऑटो रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी।

हादसे में अंकालु, नागेश और अलकानंदा की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल नागलक्ष्मी नामक एक बच्ची ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। दुर्घटना में सात अन्य लोग घायल हुए हैं। इनमें चार की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें बेहतर उपचार के लिए मार्कापुरम अस्पताल भेजा गया है।

पुलिस के अनुसार, ऑटो रिक्शा में कुल 14 लोग सवार थे। हादसे में दुल्हन भी घायल हुई है, हालांकि उसकी जान बच गई है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचे तथा घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। इस दर्दनाक हादसे से विवाह की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं और पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *