प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना में छत्तीसगढ़ देश में प्रथम, विशेष अभियान में नौ दिनों में 72 प्रतिशत लक्ष्य पूरा

प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के अंतर्गत गर्भवती एवं शिशुवती माताओं के पंजीयन के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान में छत्तीसगढ़ ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए देशभर में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। राज्य ने अभियान के शुरुआती नौ दिनों में ही निर्धारित लक्ष्य का 72 प्रतिशत पूरा कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। यह विशेष अभियान 15 जून से शुरू हुआ था और 15 जुलाई तक जारी रहेगा।

महिला एवं बाल विकास विभाग के अनुसार अभियान का उद्देश्य अधिक से अधिक पात्र गर्भवती और शिशुवती माताओं का पंजीयन सुनिश्चित कर उन्हें योजना का लाभ उपलब्ध कराना है। प्रदेशभर में आंगनबाड़ी केंद्रों और क्षेत्रीय स्तर पर विशेष प्रयासों के माध्यम से व्यापक पंजीयन अभियान संचालित किया जा रहा है।

इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं तथा अभियान से जुड़े सभी हितधारकों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह सफलता मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य के प्रति राज्य सरकार की प्रतिबद्धता और जमीनी स्तर पर कार्यरत कर्मियों के समर्पण का परिणाम है।

महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने भी इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि विभाग की पूरी टीम ने समन्वित प्रयासों से अभियान को सफल बनाया है। उन्होंने विश्वास जताया कि अभियान की निर्धारित अवधि तक राज्य शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने की दिशा में आगे बढ़ेगा।

प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना का उद्देश्य गर्भवती एवं शिशुवती महिलाओं को पोषण और स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक सहायता उपलब्ध कराना है, ताकि मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य में सुधार हो सके। राज्य सरकार ने सभी पात्र महिलाओं से समय पर पंजीयन कराकर योजना का लाभ लेने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *