भरत भूषण तिवारी को न्याय दिलाने की मांग तेज, मोहनिया में श्रद्धांजलि सभा आयोजित
मोहनिया (कैमूर), 24 जून। कथित फेक एनकाउंटर में मारे गए युवा भरत भूषण तिवारी को न्याय दिलाने की मांग को लेकर मोहनिया में लोगों का आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। इसी क्रम में शहर के चांदनी चौक स्थित शिव मंदिर परिसर में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया, जिसमें समाज के विभिन्न वर्गों के लोग, सामाजिक कार्यकर्ता तथा विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए।
सभा में उपस्थित लोगों ने भरत भूषण तिवारी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी और मामले की निष्पक्ष जांच, दोषी अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई तथा पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा नेता अनिल दुबे ने कहा कि भरत भूषण तिवारी एक जागरूक और संघर्षशील युवा थे, जो समाजहित के मुद्दों पर लगातार सक्रिय रहते थे। उन्होंने आरोप लगाया कि इस मामले में गंभीर अन्याय हुआ है और पुलिस प्रशासन की भूमिका संदेह के घेरे में है। उन्होंने कहा कि मामले की निष्पक्ष एवं न्यायिक जांच कराई जानी चाहिए तथा दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए।
वहीं स्थानीय नागरिक धीरज तिवारी ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में प्रत्येक नागरिक को अपनी बात रखने और जनहित के मुद्दों पर आवाज उठाने का अधिकार है। उन्होंने कहा कि यदि समाजहित में काम करने वाले लोगों के साथ अन्याय होगा और समाज उनके समर्थन में आगे नहीं आएगा, तो इससे सामाजिक सरोकारों के लिए संघर्ष करने वालों का मनोबल कमजोर होगा।
सभा में उपस्थित लोगों ने राज्य सरकार से मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने तथा दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की। वक्ताओं ने कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय मिलने तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।
कार्यक्रम के अंत में भरत भूषण तिवारी की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई तथा न्याय की लड़ाई को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया गया।



