आयुष मंत्रालय ने बनाया नया गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड, यूट्यूब लाइव योग सत्र से जुड़े 4.35 लाख से अधिक दर्शक
नई दिल्ली, 14 जून 2026: अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 से पहले आयुष मंत्रालय ने एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए यूट्यूब लाइव योग स्ट्रीम की सर्वाधिक दर्शक संख्या का नया गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया है। मंत्रालय के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर प्रसारित विशेष वैश्विक ऑनलाइन योग सत्र से 4 लाख 35 हजार 831 दर्शक जुड़े, जो अब तक का सबसे बड़ा लाइव योग दर्शक समूह बन गया।
यह आयोजन अंतरराष्ट्रीय योग दिवस-2026 के जनजागरूकता कार्यक्रमों के तहत किया गया था, जिसमें भारत सहित दुनिया भर के योग साधकों, छात्रों, संस्थानों, पेशेवरों और स्वास्थ्य जागरूक नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान कॉमन योग प्रोटोकॉल (सीवाईपी) का अभ्यास कराया गया और “योग 365” अभियान के तहत योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संदेश दिया गया।
आयुष मंत्रालय के अनुसार, 4,35,831 सत्यापित दर्शकों की भागीदारी के साथ यह रिकॉर्ड वर्ष 2024 में बने 2,46,252 दर्शकों के पिछले गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड से 1,89,579 अधिक रहा।
इस अवसर पर आयुष राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री प्रतापराव जाधव ने सभी प्रतिभागियों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि योग की उस शक्ति का प्रमाण है, जो विभिन्न क्षेत्रों, संस्कृतियों और देशों के लोगों को स्वास्थ्य और कल्याण के साझा उद्देश्य से जोड़ती है। उन्होंने लोगों से “योग 365” की भावना को अपनाकर योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
आयुष मंत्रालय के सचिव वैद्य राजेश कोटेचा ने कहा कि यह उपलब्धि केवल एक विश्व रिकॉर्ड नहीं, बल्कि पूरी दुनिया के लिए एक प्रेरक संदेश है। उन्होंने कहा कि योग को एक दिवसीय आयोजन के बजाय आजीवन अभ्यास के रूप में अपनाना ही मंत्रालय का प्रमुख उद्देश्य है।
कार्यक्रम के दौरान ओडिशा के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री मुकेश महालिंग, केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के विशेष संदेश भी प्रसारित किए गए। सभी वक्ताओं ने योग को निवारक स्वास्थ्य देखभाल और समग्र कल्याण का प्रभावी माध्यम बताते हुए नागरिकों से नियमित योग अपनाने की अपील की।
मंत्रालय ने मोरारजी देसाई राष्ट्रीय योग संस्थान (एमडीएनआईवाई), हैबिल्ड और अन्य सहयोगी संस्थाओं के साथ मिलकर इस कार्यक्रम का आयोजन किया। विशेषज्ञों के मार्गदर्शन में प्रतिभागियों ने सामूहिक रूप से कॉमन योग प्रोटोकॉल का अभ्यास किया।
उल्लेखनीय है कि इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 की थीम “स्वस्थ आयु के लिए योग” रखी गई है, जो जीवन के प्रत्येक चरण में शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक स्वास्थ्य को बढ़ावा देने में योग की भूमिका को रेखांकित करती है। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का मुख्य राष्ट्रीय समारोह 21 जून को कोलकाता में आयोजित किया जाएगा।
आयुष मंत्रालय ने इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए देश-विदेश के सभी प्रतिभागियों, योग संस्थानों, शैक्षणिक संस्थाओं, सरकारी विभागों, कॉरपोरेट संगठनों, सामाजिक समूहों और भारतीय प्रवासी समुदाय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए “हर घर योग, हर दिन योग” के संदेश को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।


