कल से नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से शुरू होंगी कमर्शियल उड़ानें
नई दिल्ली, 14 जून 2026: दिल्ली-एनसीआर के लाखों यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। नोएडा के जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से कल से वाणिज्यिक उड़ानों का संचालन शुरू हो जाएगा। इसके साथ ही उत्तर भारत की हवाई कनेक्टिविटी को नई गति मिलने जा रही है।
एयरपोर्ट से पहली कमर्शियल उड़ान इंडिगो एयरलाइंस की होगी, जो सुबह 7 बजकर 5 मिनट पर लखनऊ स्थित चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से रवाना होकर सुबह 8 बजकर 5 मिनट पर नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंचेगी। इसके बाद नोएडा से बेंगलुरु के लिए पहली वाणिज्यिक उड़ान संचालित की जाएगी।
दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र के दूसरे अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के रूप में विकसित किए गए इस एयरपोर्ट को अत्याधुनिक तकनीक और यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है। यहां सेल्फ-चेक-इन कियोस्क, डिजीयात्रा प्रणाली के तहत बायोमेट्रिक बोर्डिंग, ऑटोमेटेड बैगेज ड्रॉप काउंटर और पेपरलेस ट्रैवल प्रोसेस जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इन व्यवस्थाओं का उद्देश्य यात्रियों की भीड़ कम करना और प्रतीक्षा समय को न्यूनतम करना है।
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पहले चरण का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 28 मार्च को किया था। उस अवसर पर उन्होंने इसे केवल उत्तर प्रदेश ही नहीं, बल्कि पूरे उत्तर भारत की कनेक्टिविटी, व्यापार, निवेश और आर्थिक विकास के लिए एक ऐतिहासिक परियोजना बताया था।
कमर्शियल उड़ानों की शुरुआत के साथ ही नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट दिल्ली-एनसीआर के यात्रियों के लिए एक नए विकल्प के रूप में उभरेगा, जिससे क्षेत्रीय और राष्ट्रीय हवाई सेवाओं को भी मजबूती मिलेगी।


