राम मंदिर चढ़ावा मामले की जांच के लिए यूपी सरकार ने SIT गठित की

नई दिल्ली, 13 जून 2026: उत्तर प्रदेश सरकार ने श्री राम जन्मभूमि मंदिर में चढ़ावे से जुड़ी कथित अनियमितताओं की जांच के लिए तीन सदस्यीय विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया है। अयोध्या स्थित श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र में दान पात्रों को लेकर सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रही अफवाहों को गंभीरता से लेते हुए यह कदम उठाया गया है।

श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच सुनिश्चित करने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से विशेष जांच दल गठित करने का अनुरोध किया था। इसके बाद राज्य सरकार ने प्रशासन और पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को शामिल करते हुए एसआईटी का गठन किया।

तीन सदस्यीय इस जांच टीम की अध्यक्षता लखनऊ मंडल के मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत (आईएएस) करेंगे। टीम में आईजी रेंज किरण एस (आईपीएस) को सदस्य बनाया गया है, जबकि वित्त विभाग के विशेष सचिव नील रतन को भी जांच दल में शामिल किया गया है।

सरकार ने एसआईटी को निर्देश दिए हैं कि वह जांच प्रक्रिया को शीघ्रता से पूरा करते हुए प्रारंभिक और अंतिम रिपोर्ट प्रस्तुत करे। जांच के दौरान मंदिर परिसर में प्राप्त दान, चढ़ावे तथा उनसे जुड़े वित्तीय लेनदेन की विस्तृत पड़ताल की जाएगी।

धार्मिक दृष्टि से अत्यंत संवेदनशील इस मामले में प्रशासन का कहना है कि जांच का उद्देश्य मंदिर ट्रस्ट की वित्तीय गतिविधियों में पारदर्शिता बनाए रखना, तथ्यों को स्पष्ट करना और किसी भी प्रकार की गलतफहमी अथवा संभावित अनियमितता को दूर करना है। सरकार ने भरोसा दिलाया है कि जांच निष्पक्ष, तथ्यपरक और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार पूरी की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *