कृषि मंत्रालय ने शुरू की ‘किसान मित्र’ एआई सेवा, अब व्हाट्सएप पर मिलेगी तिलहन खेती की विशेषज्ञ सलाह
नई दिल्ली, 12 जून। खरीफ सीजन की बुवाई शुरू होते ही किसानों को तकनीक आधारित सहायता उपलब्ध कराने की दिशा में कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। मंत्रालय ने तिलहन किसानों के लिए ‘किसान मित्र’ नाम से व्हाट्सएप आधारित कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) सलाहकार सेवा शुरू की है, जिसके माध्यम से किसानों को उनके मोबाइल फोन पर सीधे फसल संबंधी विशेषज्ञ सलाह उपलब्ध कराई जाएगी।
मंत्रालय के अनुसार, यह सेवा किसानों को तिलहन फसलों की खेती से जुड़ी सटीक, विश्वसनीय और तत्काल जानकारी प्रदान करेगी। देश का कोई भी तिलहन किसान व्हाट्सएप के माध्यम से इस सुविधा का निःशुल्क लाभ उठा सकता है। किसानों को केवल +91 4024598180 नंबर को अपने मोबाइल में ‘तिलहन किसान मित्र’ के नाम से सेव कर व्हाट्सएप पर संपर्क करना होगा।
इस एआई आधारित सेवा के जरिए किसान मूंगफली, सरसों, तिल, सूरजमुखी, सोयाबीन सहित अन्य तिलहन फसलों से संबंधित जानकारी अपनी पसंद की किसी भी भारतीय भाषा में प्राप्त कर सकते हैं। फसल प्रबंधन, उन्नत कृषि तकनीक, रोग एवं कीट नियंत्रण, पोषक तत्व प्रबंधन तथा खेती से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर भी किसानों को तत्काल सलाह उपलब्ध कराई जाएगी।
कृषि मंत्रालय का कहना है कि डिजिटल तकनीक के उपयोग से किसानों तक वैज्ञानिक जानकारी पहुंचाने की दिशा में यह एक प्रभावी कदम है, जिससे तिलहन उत्पादन बढ़ाने और किसानों की आय में सुधार लाने में मदद मिलेगी।
आईसीएआर के हैदराबाद स्थित भारतीय तिलहन अनुसंधान संस्थान के निदेशक ने बताया कि यह सामूहिक तिलहन अनुसंधान का पहला ऐसा प्रयास है, जिसे देशभर के किसानों तक सीधे पहुंचाने के लिए एआई और व्हाट्सएप जैसे लोकप्रिय माध्यम का उपयोग किया गया है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह पहल किसानों के लिए उपयोगी साबित होगी और उन्हें समय पर बेहतर निर्णय लेने में सहायता प्रदान करेगी।
तिलहन किसान मित्र तक कैसे पहुंचें चरण 1: अपने फोन में +91 4024598180 नंबर को ‘Oilseeds Kisaan Mitra’ के नाम से सेव करें। चरण 2: WhatsApp खोलें और अपनी पसंदीदा भारतीय भाषा में संदेश भेजें। चरण 3: अपनी तिलहन फसल पर शोध-आधारित सलाह तुरंत और मुफ्त में प्राप्त करें, जो 24x7 उपलब्ध है।


