मथुरा में पुलिस मुठभेड़: 25-25 हजार के दो इनामी बदमाश गिरफ्तार, हथियार और कार बरामद
लखनऊ/मथुरा, 12 जून। मथुरा जिले के थाना हाईवे क्षेत्र में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस, एसओजी और स्वाट टीम की संयुक्त कार्रवाई में मुठभेड़ के बाद 25-25 हजार रुपये के दो इनामी बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों आरोपी ट्रांसफॉर्मरों से वाइंडिंग तार चोरी समेत कई आपराधिक मामलों में वांछित बताए जा रहे थे।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार के निर्देशन में चलाए गए अभियान के तहत पुलिस को देर रात सूचना मिली थी कि ट्रांसफॉर्मर से वाइंडिंग तार चोरी करने वाले कुछ बदमाश पालीखेड़ा-महोली रोड स्थित निर्माणाधीन बैकुंठ सिटी कॉलोनी के पास किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही थाना हाईवे पुलिस, एसओजी और स्वाट टीम ने इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया।
पुलिस ने जब संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया तो बदमाशों ने टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने दोनों आरोपियों को घेर लिया। मुठभेड़ के दौरान दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान धर्मवीर उर्फ देव निवासी आगरा और विपिन निवासी फिरोजाबाद के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके कब्जे से अवैध हथियार, कारतूस, नकदी, ट्रांसफॉर्मर के पुर्जे तथा एक अर्टिगा कार बरामद की है।
घायल आरोपियों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस उनके आपराधिक इतिहास की विस्तृत जांच कर रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
सीओ रिफाइनरी अनिल कपरवान ने बताया कि दोनों आरोपी लंबे समय से पुलिस की निगरानी में थे और उनकी गिरफ्तारी से क्षेत्र में सक्रिय चोरी के गिरोह के बारे में महत्वपूर्ण जानकारियां मिलने की संभावना है।


