बाराबंकी स्टेशन पर दर्दनाक हादसा: उत्सर्ग एक्सप्रेस की चपेट में आए दंपती, पति की मौत, पत्नी गंभीर घायल

लखनऊ/बाराबंकी, 12 जून। उत्तर प्रदेश के बाराबंकी रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार को एक हृदयविदारक हादसा हो गया। उत्सर्ग एक्सप्रेस में चढ़ने के दौरान संतुलन बिगड़ने से पति-पत्नी ट्रेन की चपेट में आ गए। हादसे में 32 वर्षीय मनोज की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी वंदना गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए लखनऊ स्थित ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मनोज और वंदना मूल रूप से आजमगढ़ जिले के निवासी थे और वर्तमान में लखनऊ के गोमती नगर क्षेत्र में रहकर जीवनयापन कर रहे थे। शुक्रवार को वे अपने तीन बच्चों—हिमांशी, स्नेहा और छह माह के आंशिक—के साथ बाराबंकी रेलवे स्टेशन से लखनऊ जाने के लिए उत्सर्ग एक्सप्रेस में सवार होने पहुंचे थे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रेन में चढ़ने के दौरान अचानक संतुलन बिगड़ने से दोनों दंपती ट्रेन की चपेट में आ गए। घटना इतनी दर्दनाक थी कि मनोज की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि वंदना गंभीर रूप से घायल हो गईं।

सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल और राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) के जवान मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे में दंपती के तीनों बच्चे सुरक्षित बच गए।

घटना के बाद स्टेशन परिसर में भावुक दृश्य देखने को मिला। घायल माता-पिता को देखकर बच्चे बिलख-बिलख कर रोने लगे। जीआरपी कर्मियों ने बच्चों को संभाला, उन्हें सांत्वना दी और सुरक्षा के दायरे में रखा। पुलिस ने परिजनों को घटना की सूचना दे दी है।

इस दर्दनाक हादसे ने स्टेशन पर मौजूद यात्रियों को भी झकझोर दिया। स्थानीय लोगों और यात्रियों ने रेलवे स्टेशनों पर सुरक्षा उपायों को और सुदृढ़ किए जाने की आवश्यकता पर जोर दिया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल व्याप्त है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *