कुशीनगर में दो बहनों की हत्या से सनसनी, प्रेम संबंधों को लेकर परिजनों पर हत्या का आरोप

लखनऊ/कुशीनगर, 9 जून। उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले में प्रेम संबंधों को लेकर दो सगी बहनों की कथित हत्या का मामला सामने आया है। सेवरही थाना क्षेत्र के पिपराघाट देव नारायण टोला गांव में हुई इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में परिजनों की संलिप्तता सामने आई है। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि मुख्य आरोपी पिता फरार बताया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार 20 वर्षीय लाली और 18 वर्षीय शीला के गांव के ही दो युवकों से प्रेम संबंध थे। कुछ दिन पहले दोनों युवतियां घर से चली गई थीं, जिसके बाद उनके पिता रामप्रसाद सहनी ने संबंधित युवकों के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने बाद में दोनों युवतियों को अलग-अलग स्थानों से बरामद कर परिजनों को सौंप दिया था।

बताया जा रहा है कि घर लौटने के बाद परिवार में तनाव की स्थिति बनी हुई थी। इसी बीच देर रात दोनों बहनों को मोबाइल फोन पर बातचीत करते हुए देखे जाने के बाद विवाद बढ़ गया। आरोप है कि गुस्से में आकर पिता और भाइयों ने दोनों युवतियों की डंडों से बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में पुलिस ने दोनों भाइयों को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया है, जबकि आरोपी पिता की तलाश के लिए विभिन्न स्थानों पर दबिश दी जा रही है।

कुशीनगर के अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ वर्मा ने बताया कि मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है और सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

यह घटना एक बार फिर पारिवारिक और सामाजिक कारणों से होने वाली हिंसा के गंभीर स्वरूप को उजागर करती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *