वैश्विक बिहारी समुदाय को बिहार के विकास से जोड़ने के लिए डिजिटल प्लेटफॉर्म का शुभारंभ

पटना, 9 जून। बिहार सरकार ने राज्य के विकास, निवेश और नवाचार की प्रक्रिया में वैश्विक बिहारी समुदाय की भागीदारी बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए विशेष डिजिटल प्लेटफॉर्म का शुभारंभ किया है। सूचना प्रावैधिकी विभाग की इस पहल का उद्देश्य देश और विदेश में बसे बिहार मूल के लोगों को राज्य के विकास से जोड़ना तथा उनके अनुभव, विशेषज्ञता और निवेश क्षमता का लाभ बिहार के विकास में सुनिश्चित करना है।

सूचना प्रावैधिकी मंत्री नीतीश मिश्रा ने इस डिजिटल प्लेटफॉर्म का शुभारंभ करते हुए कहा कि यह मंच दुनिया भर में बसे बिहारियों और राज्य के बीच एक प्रभावी संवाद सेतु के रूप में कार्य करेगा। इसके माध्यम से प्रवासी बिहारी राज्य में उपलब्ध निवेश अवसरों, नवाचार परियोजनाओं और विभिन्न विकासात्मक पहलों की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे तथा उनमें सक्रिय भागीदारी निभा सकेंगे।

उन्होंने कहा कि बिहार सरकार राज्य के समग्र विकास में वैश्विक बिहारी समुदाय की भूमिका को और अधिक सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। यह प्लेटफॉर्म निवेश, ज्ञान-साझाकरण, तकनीकी सहयोग और नवाचार को बढ़ावा देने के साथ-साथ राज्य और प्रवासी समुदाय के बीच मजबूत संबंध स्थापित करने में सहायक सिद्ध होगा।

मंत्री ने विश्वास जताया कि इस पहल से बिहार में निवेश और उद्यमिता को नई गति मिलेगी तथा शिक्षा, प्रौद्योगिकी, उद्योग और सामाजिक विकास के क्षेत्रों में वैश्विक स्तर पर उपलब्ध विशेषज्ञता का लाभ राज्य को प्राप्त होगा। उन्होंने कहा कि यह मंच बिहार और दुनिया भर में बसे बिहारियों के बीच सहयोग के नए आयाम स्थापित करेगा।

राज्य सरकार का मानना है कि यह डिजिटल प्लेटफॉर्म बिहार की विकास यात्रा में प्रवासी समुदाय की सहभागिता को बढ़ाने और राज्य को नई संभावनाओं से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *