मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने संपन्न की गिरिराज धरण की सप्तकोसीय परिक्रमा, श्रद्धालुओं से संवाद कर सुनी जनसमस्याएं
जयपुर/डीग, 9 जून। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मंगलवार को अपने दो दिवसीय डीग प्रवास के दौरान ब्रज क्षेत्र की आस्था के प्रमुख केंद्र गिरिराज धरण (गोवर्धन पर्वत) की लगभग 21 किलोमीटर लंबी सप्तकोसीय परिक्रमा संपन्न की। इस दौरान उन्होंने धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लेने के साथ आमजन और श्रद्धालुओं से संवाद कर उनकी समस्याएं भी सुनीं।
मुख्यमंत्री ने सपत्नीक पूंछरी का लौठा स्थित श्रीनाथ जी मंदिर में दर्शन किए तथा मुकुट मुखारविंद मंदिर की तलहटी में गिरिराज जी की विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि, खुशहाली और जनकल्याण की कामना की। इसके बाद उन्होंने मंदिर परिसर में उपस्थित संतों, स्थानीय नागरिकों और दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं को अपने हाथों से प्रसादी वितरित की। इस दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं से यात्रा मार्ग पर उपलब्ध सुविधाओं और व्यवस्थाओं के संबंध में भी जानकारी प्राप्त की।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री ने सोमवार शाम को सप्तकोसीय परिक्रमा प्रारंभ की थी, जो मंगलवार तड़के लगभग चार बजे पूर्ण हुई। परिक्रमा के दौरान विभिन्न स्थानों पर स्थानीय नागरिकों, साधु-संतों और श्रद्धालुओं ने उनका भव्य स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने भी हाथ जोड़कर सभी का अभिवादन स्वीकार किया और आत्मीयता के साथ संवाद किया।
परिक्रमा पूर्ण होने के बाद मुख्यमंत्री ने पूंछरी का लौठा क्षेत्र में आमजन से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। साथ ही भरतपुर और डीग जिलों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर क्षेत्र के विकास कार्यों की समीक्षा की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस अवसर पर गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम, ओंकार सिंह लखावत, डॉ. शैलेष सिंह, बहादुर सिंह कोली सहित जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।


