सात साल के ईशांक ने रचा इतिहास, तैराकी में बनाया विश्व रिकॉर्ड; मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने दी बधाई
झारखंड की राजधानी रांची के जवाहर विद्या मंदिर, श्यामली के कक्षा 3 के छात्र ईशांक सिंह ने महज 7 वर्ष की आयु में तैराकी के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए विश्व रिकॉर्ड बनाया है।
ईशांक ने श्रीलंका के तलाइमन्नार से भारत के धनुषकोडी तक लगभग 30 किलोमीटर लंबे पाक जलडमरूमध्य को तैरकर सफलतापूर्वक पार किया। इतनी कम उम्र में इस कठिन समुद्री मार्ग को पार करना एक असाधारण उपलब्धि मानी जा रही है।
इस उल्लेखनीय सफलता पर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने ईशांक को बधाई दी है। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि ईशांक की यह उपलब्धि अनुशासन, मेहनत और लक्ष्य के प्रति अटूट समर्पण का उत्कृष्ट उदाहरण है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ईशांक ने न केवल झारखंड, बल्कि पूरे देश का गौरव बढ़ाया है और वह युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बन गए हैं।
इस उपलब्धि के बाद स्कूल, परिवार और पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। ईशांक की सफलता ने यह साबित कर दिया है कि कड़ी मेहनत और दृढ़ संकल्प के साथ किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।


