65वीं राष्ट्रीय अंतर्राज्यीय सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में देव मीणा ने रचा इतिहास
भुवनेश्वर में आयोजित 65वीं राष्ट्रीय अंतर्राज्यीय सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में मध्यप्रदेश राज्य एथलेटिक्स अकादमी के खिलाड़ी देव मीणा ने पोल वॉल्ट स्पर्धा में 5.46 मीटर की ऊंचाई पार कर स्वर्ण पदक जीता। उन्होंने नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड भी बनाया और एशियाई खेल 2026 के लिए क्वालीफाई किया।
भोपाल, 25 जून : भुवनेश्वर में 24 से 28 जून 2026 तक आयोजित 65वीं राष्ट्रीय अंतर्राज्यीय सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप के पहले दिन मध्यप्रदेश राज्य एथलेटिक्स अकादमी के खिलाड़ी देव मीणा ने ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए प्रदेश और देश का गौरव बढ़ाया है। देव मीणा ने पोल वॉल्ट स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने के साथ नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड भी स्थापित किया।
सायंकालीन सत्र में आयोजित पोल वॉल्ट प्रतियोगिता में देव मीणा ने 5.46 मीटर की ऊंचाई पार कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इस उपलब्धि के साथ उन्होंने राष्ट्रीय रिकॉर्ड को भी अपने नाम दर्ज कराया और भारतीय एथलेटिक्स में एक नया कीर्तिमान स्थापित किया।
देव मीणा के शानदार प्रदर्शन की बदौलत उन्होंने आगामी एशियाई खेल 2026 के लिए भी क्वालीफाई कर लिया है। यह उपलब्धि उनके खेल जीवन की महत्वपूर्ण सफलता मानी जा रही है। साथ ही यह मध्यप्रदेश के खेल विकास और खिलाड़ियों को मिल रही उच्च स्तरीय सुविधाओं का भी प्रमाण है।
देव की सफलता ने प्रतियोगिता के पहले ही दिन मध्यप्रदेश को राष्ट्रीय स्तर पर विशेष पहचान दिलाई है। खेल विशेषज्ञों का मानना है कि उनका प्रदर्शन भविष्य में अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी भारत के लिए पदक की उम्मीदों को मजबूत करेगा।
मध्यप्रदेश राज्य एथलेटिक्स अकादमी में खिलाड़ियों को आधुनिक प्रशिक्षण, वैज्ञानिक तकनीकों और अनुभवी प्रशिक्षकों का मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जा रहा है। देव मीणा की यह उपलब्धि खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत, समर्पण और प्रशिक्षकों के निरंतर प्रयासों का परिणाम है।
राज्य के खेल प्रेमियों और खेल जगत से जुड़े लोगों ने देव मीणा को इस ऐतिहासिक सफलता के लिए बधाई दी है और एशियाई खेलों में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन की शुभकामनाएं दी हैं।



